रामनगर – सर्दियों की दस्तक के साथ ही कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) प्रशासन ने रेस्क्यू सेंटर में रह रहे बाघों और तेंदुओं की देखभाल के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। ठंड के मौसम में वन्यजीवों को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखने के उद्देश्य से उनके डाइट चार्ट में बदलाव किया गया है। नए आहार प्लान में मांस की मात्रा बढ़ाने के साथ फैट, प्रोटीन और मल्टीविटामिन को भी शामिल किया गया है।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के ढेला रेंज स्थित रेस्क्यू सेंटर में बाघों और तेंदुओं के उपचार एवं देखभाल की व्यवस्था है। यहां वन्यजीवों के स्वास्थ्य और जरूरतों के अनुसार पशु चिकित्सकों की सलाह पर गर्मियों और सर्दियों के लिए अलग-अलग डाइट चार्ट तैयार किए जाते हैं। फिलहाल वन्यजीवों को सामान्य आहार दिया जा रहा है, जबकि तापमान में गिरावट आने और आवश्यकता के अनुसार नया डाइट प्लान लागू किया जाएगा।
बाघ को रोजाना 10 से 12 किलो मांस
मौजूदा डाइट चार्ट के अनुसार एक बड़े बाघ को प्रतिदिन 10 से 12 किलो और छोटे बाघ को छह से सात किलो मांस दिया जाता है। वहीं बड़े तेंदुए को तीन से पांच किलो तथा छोटे तेंदुए को एक से दो किलो तक मांस दिया जाता है। सर्दियों के नए डाइट प्लान में वन्यजीवों की जरूरत के मुताबिक प्रतिदिन मांस की मात्रा में एक से दो किलो तक बढ़ोतरी करने की योजना है। इसके साथ ही भोजन में प्रोटीन, फैट और मल्टीविटामिन की मात्रा भी बढ़ाई जाएगी।
रेस्क्यू सेंटर में 16 बाघ और 20 तेंदुए
सीटीआर प्रशासन के अनुसार ढेला रेस्क्यू सेंटर में बाघों के लिए 15 और तेंदुओं के लिए 15 बाड़े बनाए गए हैं। वर्तमान में यहां 16 बाघ और 20 तेंदुए रखे गए हैं। इन सभी वन्यजीवों के स्वास्थ्य, खानपान और देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. दुष्यंत शर्मा ने बताया कि सर्दियों को देखते हुए वन्यजीवों के लिए नया डाइट चार्ट तैयार किया गया है। ठंड बढ़ने और आवश्यकता महसूस होने पर इसे लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य मौसम के अनुरूप वन्यजीवों की पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करना और उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखना है।
