हल्द्वानी। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने काठगोदाम क्षेत्र में एक युवक को 10 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में नशे की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह तथा संबंधित क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में काठगोदाम पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस के मुताबिक, 24 नवंबर 2026 को कैनाल रोड काठगोदाम में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान एक युवक को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान उसके कब्जे से 10 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भास्कर तिवारी उर्फ भानु (32) पुत्र कैलाश चंद्र तिवारी, निवासी सेंट पॉल स्कूल के पीछे काठगोदाम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 144/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
बनभूलपुरा रेलवे फाटक से स्मैक खरीदने की बात बताई
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करता था, लेकिन वर्तमान में उसके पास रोजगार नहीं था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में पैसों के लालच में बनभूलपुरा के एक रेलवे फाटक के पास से स्मैक खरीदकर लाने की बात स्वीकार की है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
इनकी रही कार्रवाई में भूमिका
संयुक्त कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी विमल प्रसाद, प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार (प्रभारी चौकी मल्ला काठगोदाम), एसओजी के कांस्टेबल भानू ओली, कांस्टेबल करतार, कांस्टेबल दिनेश राणा और महिला कांस्टेबल शीला कुंवर शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री के मिशन ड्रग फ्री देवभूमि और ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
