लालकुआं – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित लालकुआं दौरे को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। वीआईपी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून व्यवस्था और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर “सोमवार” को अंबेडकर पार्क, बिंदुखत्ता में ड्यूटी पर तैनात होने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई।
पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने ब्रीफिंग के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को वीआईपी सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पूरी गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, वीआईपी मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में प्रभावी सुरक्षा घेरा बनाने के साथ ही प्रवेश एवं निकास व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की प्रभावी चेकिंग और फ्रिस्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वीआईपी मूवमेंट के दौरान निर्धारित मार्गों पर किसी भी प्रकार की बाधा या अवरोध न रहे, इसके लिए पहले से ही आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा गया।
आम जनता को परेशानी से बचाने के लिए यातायात पुलिस और सीपीयू को सुव्यवस्थित ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता और मुस्तैदी बनाए रखने के साथ ही आम नागरिकों के साथ शालीन एवं विनम्र व्यवहार करने की हिदायत भी दी गई।
इस दौरान एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल ने भी पुलिसकर्मियों को उनके ड्यूटी प्वाइंट, संचार व्यवस्था और मार्ग व्यवस्था के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
ब्रीफिंग में सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, सीओ ऑपरेशन समीरन भट्ट, सीओ हल्द्वानी लव शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नैनीताल हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन राणा, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार, निरीक्षक यातायात भूपेश पाण्डेय, निरीक्षक यातायात भवाली महेश चन्द्रा और निरीक्षक रेडियो नैनीताल राजकुमार सिंह बिष्ट सहित वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
