उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

युवा संसद में विद्यार्थियों ने दिखाई संसदीय प्रतिभा, खुर्पाताल की टीम ने मारी बाजी

हल्द्वानी/रानीबाग – राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीबाग में शनिवार को विकासखंड भीमताल की ब्लॉक स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने सांसद, मंत्री और लोकसभा अध्यक्ष की भूमिका निभाते हुए संसदीय कार्यवाही का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। समसामयिक विषयों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विद्यार्थियों ने अपने विचार रखकर संवाद कौशल और तार्किक क्षमता का परिचय दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड बाल संरक्षण अधिकार आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार मौजूद रहे। प्रतियोगिता में जीजीआईसी भीमताल, जीजीआईसी खुर्पाताल, जीजीआईसी पटुवाडांगर, जीजीआईसी दोगड़ा और जीजीआईसी आमिया के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता में जीजीआईसी खुर्पाताल ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि जीजीआईसी दोगड़ा दूसरे और जीजीआईसी पटुवाडांगर तीसरे स्थान पर रहे। विजेता विद्यालयों के विद्यार्थियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

युवा संसद से विकसित होती है नेतृत्व क्षमता

मुख्य अतिथि योगेश सिंह रजवार ने कहा कि युवा संसद जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और विचारों को प्रस्तुत करने का सशक्त मंच देती हैं। इनके माध्यम से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, संवाद कौशल, आत्मविश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा आत्मविश्वास और संसदीय मर्यादा के साथ सदन में अपनी बात रखने की सराहना की।

उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि इस तरह की रचनात्मक और शैक्षिक प्रतियोगिताएं विद्यालय स्तर पर लगातार आयोजित हों, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल सके।

26 नवंबर को होगी जिला स्तरीय प्रतियोगिता

रजवार ने बताया कि आगामी 26 नवंबर को जनपद के सभी आठ विकासखंडों की सहभागिता से जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके बाद प्रतियोगिता को प्रदेश स्तर पर आयोजित कराने के प्रयास किए जाएंगे, जिससे उत्तराखंड के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को व्यापक मंच मिल सके।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी के सहायक प्राध्यापक नवीन शर्मा, जिला समन्वयक नरेंद्र पंत, प्रवक्ता जीआईसी बेलपड़ाव, ब्लॉक समन्वयक मीना डंगवाल तथा निर्णायक मंडल के सदस्य कौस्तुभानंद कर्नाटक, योगिता सिंह और आस्मा परवीन उपस्थित रहे। विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीबाग के अध्यापक गोपाल दत्त गुडवंत ने किया।

समापन पर मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और आयोजन को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों तथा शिक्षकगणों का आभार व्यक्त किया।