उत्तराखण्ड ज़रा हटके रुद्रपुर

रुद्रपुर में डंपर का कहर, बाइक सवार एक की मौत; दूसरा घायल

रुद्रपुर – शहर में ड्यूटी से घर लौट रहे बाइक सवार दो लोगों को डंपर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक चला रहे 40 वर्षीय प्रताप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार साले रामबाबू गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, प्रताप पुत्र गणेशी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कैमरी के निवासी थे। वह रुद्रपुर की सुभाष कॉलोनी में रहकर पल्लेदारी का काम करते थे। बताया गया कि वह अपने साले रामबाबू निवासी रमपुरा के साथ ड्यूटी समाप्त होने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक प्रताप चला रहे थे।

इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक डंपर की चपेट में आ गई। हादसे में प्रताप डंपर के नीचे आकर कुचल गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामबाबू घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।