हल्द्वानी – छठ पूजा कार्यक्रम-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने हल्द्वानी का विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 15 नवंबर की शाम दो बजे से रात 11 बजे तक और 16 नवंबर की सुबह चार बजे से 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान रामपुर रोड, टीपी नगर, एफटीआई, सुशीला तिवारी अस्पताल और शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का रूट बदला रहेगा।
रामपुर रोड से शहर में आने वाले वाहन इन रास्तों से गुजरेंगे
रामपुर रोड से हल्द्वानी शहर की ओर आने वाले दोपहिया, चौपहिया वाहनों, रोडवेज और निजी बसों को अलग-अलग स्थानों से डायवर्ट किया जाएगा।
- गन्ना सेंटर तिराहे से वाहनों को गौरापड़ाव होते हुए तीनपानी की ओर भेजा जाएगा।
- पंचायतघर तिराहे से वाहन आनंदपुर तिराहा, आरटीओ रोड, चड़ायल चौराहा, सेंट्रल अस्पताल तिराहा और लालडांठ तिराहे से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
- शीतल होटल तिराहे से वाहनों को तीनपानी तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- टीपी नगर तिराहे से वाहन सतवाल पेट्रोल पंप तिराहा और होंडा शोरूम तिराहे से होकर अपने गंतव्य को जाएंगे।
शहर से रामपुर रोड जाने वालों के लिए भी बदला रूट
हल्द्वानी शहर से रामपुर रोड की ओर जाने वाले दोपहिया, चौपहिया वाहनों, रोडवेज और निजी बसों को सिंधी चौराहे से डायवर्ट कर मंगलपड़ाव, गांधी इंटर कॉलेज तिराहा और होंडा शोरूम तिराहे से भेजा जाएगा। अन्य वाहनों को एफटीआई तिराहे से डायवर्ट कर गांधी इंटर कॉलेज तिराहे की ओर भेजा जाएगा।
सुशीला तिवारी अस्पताल जाने वाले वाहनों को अपनाना होगा वैकल्पिक मार्ग
पीलीकोठी तिराहा, मुखानी चौराहा और जेल रोड तिराहे से आईटीआई तिराहे होते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल की ओर जाने वाले सभी वाहनों को जी मॉल से रणवीर गार्डन होते हुए देवलचौड़ तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भी बाईपास से गुजरना होगा
दूध, तेल, गैस, सब्जी सहित अति आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी आवागमन के दौरान बाईपास मार्गों का प्रयोग करना होगा। टीपी नगर तिराहे से एफटीआई तिराहे के बीच किसी भी प्रकार के वाहन का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इन स्थानों पर रहेगा जीरो जोन और वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
छठ पूजा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने तीन प्रमुख स्थानों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित किया है।
- फायर स्टेशन तिराहे से राजपैलेस होटल तिराहे की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
- कैंसर अस्पताल तिराहे और एफटीआई तिराहे से सुशीला तिवारी अस्पताल की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- टीपी नगर तिराहे से एफटीआई तिराहे के बीच सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें और छठ पूजा के दौरान असुविधा से बचने के लिए अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
