उत्तराखण्ड ज़रा हटके रामनगर

रामनगर में आरा मशीन में भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका

रामनगर – दीपावली की रात पटाखों से निकली चिंगारी रामनगर में बड़े हादसे की वजह बनने की आशंका है। खताड़ी क्षेत्र के चुना भट्टा इलाके में देर रात एक आरा मशीन में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आरा मशीन के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, देर रात आरा मशीन से अचानक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। आग तेजी से फैलती देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम अग्निशमन वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों को उसे नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक आरा मशीन को काफी नुकसान पहुंच चुका था। घटना में भारी आर्थिक क्षति होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

पटाखों की चिंगारी से आग लगने का अंदेशा

स्थानीय लोगों के अनुसार, दीपावली के दौरान जलाए गए पटाखों से निकली चिंगारी आग लगने की वजह हो सकती है। आशंका है कि पटाखे की कोई चिंगारी आरा मशीन में रखी लकड़ी या अन्य ज्वलनशील सामग्री तक पहुंच गई होगी, जिससे आग भड़क उठी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस घटना ने एक बार फिर त्योहारों के दौरान आतिशबाजी करते समय सावधानी बरतने और अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की जरूरत को उजागर किया है।