उत्तराखण्ड ज़रा हटके रुद्रपुर

प्रीत विहार में सीलिंग की जमीन पर अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, नोटिस के बाद भी जारी था काम

रुद्रपुर – शहर के प्रीत विहार क्षेत्र में सीलिंग की जमीन पर कथित तौर पर अवैध निर्माण किए जाने के मामले में मंगलवार को तहसील प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। पहले से नोटिस जारी होने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से भवन को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, प्रीत विहार में सीलिंग की जमीन पर भवन का निर्माण कराया जा रहा था। तहसील प्रशासन की ओर से पहले ही निर्माण रोकने के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा। मंगलवार को भवन पर लेंटर डालने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान शिकायत मिलने पर तहसील प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई।

बुलडोजर चलते ही मौके पर मची अफरातफरी

प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर भवन को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। बुलडोजर चलते ही वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। इसी बीच मकान मालिक अचानक बेहोश हो गया। उसकी हालत को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कुछ देर के लिए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रोक दी।

मौके पर पुलिस-प्रशासन की टीम तैनात

घटना के दौरान मौके पर पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम मौजूद रही। प्रशासन की कार्रवाई के चलते क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई।