देहरादून – उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर पृथक राज्य के निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और समर्पण को नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण राज्य आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष और सामूहिक संकल्प का परिणाम है। पृथक राज्य की मांग को लेकर चले आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं, छात्रों, पूर्व सैनिकों सहित समाज के सभी वर्गों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके संघर्ष और बलिदान के चलते ही उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हो सका। राज्य निर्माण के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
26 वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिली है। राज्य सरकार आंदोलनकारियों की भावनाओं के अनुरूप उत्तराखंड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
पर्वतीय क्षेत्रों का विकास और पलायन रोकना प्राथमिकता
धामी ने कहा कि दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और पलायन पर अंकुश लगाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। राज्य की सांस्कृतिक विरासत और मूल पहचान को संरक्षित रखते हुए उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करना सरकार का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों ने जिस उत्तराखंड का सपना देखा था, उसे साकार करना ही अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
