हल्द्वानी – शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए नैनीताल पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर तीन वोल्वो बसों को सीज किया गया, जबकि 73 वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा सड़क किनारे यातायात बाधित कर रहे अवैध रेहड़ी-ठेलों को भी हटवाया गया।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मासिक अपराध गोष्ठी के दौरान जिले के सभी थाना प्रभारियों, सीपीयू और यातायात प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में यातायात निरीक्षक हल्द्वानी भूपेश पांडेय और सीपीयू प्रभारी जगदीश राम के नेतृत्व में यातायात पुलिस एवं सीपीयू की संयुक्त टीम ने शहर के व्यस्त और संवेदनशील मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया।
नियमों का उल्लंघन करने पर तीन वोल्वो बसें सीज
अभियान के दौरान शहर के अलग-अलग स्थानों पर जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन कर संचालित की जा रही तीन वोल्वो बसों को पुलिस ने सीज कर दिया। इसके साथ ही ओवरलोडिंग, यातायात नियमों के उल्लंघन और यातायात बाधित करने वाले कुल 73 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी।
रोडवेज स्टेशन से मंगल पड़ाव तक हटाया अतिक्रमण
शहर में यातायात और पैदल आवागमन में बाधा बन रहे अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने रोडवेज बस स्टेशन से मंगल पड़ाव तक सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई रेहड़ी-ठेलियों को हटवाया। इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही सुचारु करने और पैदल यात्रियों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराना है।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
नैनीताल पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़कों पर अवैध अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
