उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

तीन केंद्रों पर प्रवक्ता संस्कृत की परीक्षा जारी, सुरक्षा व्यवस्था सख्त

हल्द्वानी – उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की प्रवक्ता संवर्ग (संस्कृत विषय) की लिखित परीक्षा जनपद नैनीताल के तीन परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जा रही है। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर उत्तराखंड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग, समूह-ग) सेवा की सामान्य एवं महिला शाखा के अंतर्गत संस्कृत विषय की लिखित परीक्षा-2025 को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जोनल पुलिस अधिकारी, सहायक पुलिस अधिकारी और सेक्टर पुलिस अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी

परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए इनर और आउटर कॉर्डन ड्यूटी लगाई गई है। पुलिसकर्मी परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही रोकने के लिए निगरानी की जा रही है।

निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा केंद्रों में ले जाने से रोकने के लिए चेकिंग की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार आसपास के क्षेत्रों में भी चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

यातायात व्यवस्था पर भी नजर

परीक्षा केंद्रों के बाहर और आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसका उद्देश्य अभ्यर्थियों के साथ-साथ आमजन को भी आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी से बचाना है।

पुलिस अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।