रामगढ़ के विद्यार्थियों को मिली बड़ी राहत, सदबुंगा हाईस्कूल बना इंटरमीडिएट विद्यालय

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

भीमताल/रामगढ़ – भीमताल विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ ब्लॉक के ग्रामसभा सदबुंगा और दुत्कानेधार के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है। सदबुंगा स्थित हाईस्कूल का इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण होने के बाद मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विद्यालय का उद्घाटन किया। क्षेत्र के ग्रामीणों ने मंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार जताया।

ग्रामीण लंबे समय से विद्यालय को हाईस्कूल से इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत करने की मांग कर रहे थे। अब तक हाईस्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट की शिक्षा के लिए करीब 15 किलोमीटर दूर दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता था। दुर्गम रास्तों और दूरी के कारण खासकर छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई विद्यार्थियों के लिए आगे की पढ़ाई जारी रखना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता था।

मुख्यमंत्री के प्रयासों से मिली मंजूरी

ग्रामीणों ने अपनी मांग मंत्री राम सिंह कैड़ा के सामने रखी थी। मंत्री विद्यालय के उच्चीकरण के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष भी इस मांग को उठाया। इसके बाद सदबुंगा हाईस्कूल को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत किया गया।

विद्यालय में विद्यार्थियों के प्रवेश के बाद कक्षा 11वीं का संचालन भी शुरू हो गया है। इससे सदबुंगा, दुत्कानेधार और आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही आगे की पढ़ाई करने की सुविधा मिलेगी।

ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से किया स्वागत

विद्यालय के उद्घाटन अवसर पर क्षेत्रवासियों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं से स्वागत किया और विद्यालय के उच्चीकरण के लिए उनका आभार व्यक्त किया। मंत्री कैड़ा ने इस कार्य के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं

कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैड़ा ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!