लालकुआं – हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद हुए शुद्धिकरण और हवन-यज्ञ को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। मामले को लेकर सोमवार को लालकुआं में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपी और पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की।
नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता लालकुआं कोतवाली पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कुछ लोगों द्वारा मैदान में शुद्धिकरण और हवन-यज्ञ कराया गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों के संदर्भ में आपत्तिजनक बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।


कांग्रेस की ओर से दी गई तहरीर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, हिंदूवादी नेता गिरीश पांडे समेत 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस प्रकार की गतिविधियों से जातिगत भावनाएं प्रभावित हो सकती हैं और सामाजिक सौहार्द पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को सामने लाया जाए। साथ ही जांच में यदि किसी व्यक्ति की भूमिका कानून के दायरे में आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री हरिश्चंद्र दुर्गापाल ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ राजनीतिक द्वेष से कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के मुद्दे उठाते रहेंगे। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि तहरीर पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता व्यापक स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रामलीला मैदान एक सार्वजनिक स्थल है और वहां किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम के बाद हुई गतिविधियों की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से उपलब्ध वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच करने की मांग की।
कोतवाली में तहरीर सौंपने और प्रदर्शन के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री हरिश्चंद्र दुर्गापाल, नगर अध्यक्ष भुवन पांडे, पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह खनवाल, हरेंद्र बोरा, कुंदन सिंह मेहता, बीना जोशी, गोविंद भट्ट, प्रमोद कलोनी, हेमवती नंदन दुर्गापाल, दीपक बत्रा, योगेश उपाध्याय, हेमंत पांडे, त्रिलोक सिंह बिष्ट, त्रिलोक वर्मा, मीना जोशी, अनूप भाटिया, कपिल जोशी, हरीश भट्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Skip to content











