Breaking News

शारदा नदी का जलस्तर बढ़ा, बनबसा-शारदा बैराज मार्ग पर भारी और चार पहिया वाहनों की आवाजाही बंद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

चंपावत/बनबसा – पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के चलते शारदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी में बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन बनबसा-शारदा बैराज मार्ग पर स्थित पुल से भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। सुरक्षा के मद्देनजर चार पहिया वाहनों के आवागमन को भी फिलहाल बंद कर दिया गया है।

लगातार बारिश के कारण बनबसा स्थित शारदा बैराज के गेट भी खोल दिए गए हैं। बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद नदी का जलप्रवाह और बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

यूपी के कई जिलों पर पड़ सकता है असर

बैराज से छोड़े जा रहे पानी का असर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पड़ने की आशंका है। इनमें पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, गोंडा, बहराइच और सीतापुर समेत आसपास के कई जिले शामिल हैं। आगे चलकर शारदा नदी का पानी घाघरा नदी में समाहित होता है, जिससे निचले इलाकों में भी जलस्तर बढ़ने की संभावना बनी हुई है।

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासन और सिंचाई विभाग के अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। नदी के आसपास और जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी के किनारे, पुलों और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही न करें और किसी भी तरह की जोखिमपूर्ण गतिविधि से बचें। अधिकारियों का कहना है कि परिस्थितियों के अनुसार आगे भी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जाएंगे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!