हल्द्वानी – स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल पुलिस ने स्कूली वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश और एसपी अपराध/यातायात डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस एवं सीपीयू की टीम ने हल्द्वानी क्षेत्र में विभिन्न स्कूली वाहनों की जांच की।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने स्कूली वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों के साथ-साथ सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों के पालन की भी जांच की। वाहनों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन उपकरण और निर्धारित वर्दी की उपलब्धता देखी गई। इसके अलावा वाहन चालकों द्वारा चप्पल पहनकर वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों के पालन की भी जांच की गई।


17 स्कूली वाहनों के कोर्ट चालान
जांच के दौरान नियमों और निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने कुल 17 स्कूली वाहनों के कोर्ट चालान किए। इनमें फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन उपकरण, निर्धारित वर्दी और चप्पल पहनकर वाहन चलाने जैसी कमियों पर 15 चालान किए गए। वहीं बिना बीमा के एक वाहन और क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर एक वाहन का चालान किया गया।
बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं
यातायात पुलिस ने स्कूली वाहन चालकों और विद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी वाहनों में निर्धारित सुरक्षा उपकरण और दस्तावेज अनिवार्य रूप से पूरे रखने के साथ यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Skip to content










