तिरंगा यात्रा में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, स्वीप टीम ने ‘शंका समाधान संवाद’ से मतदाताओं को किया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नैनीताल में तल्लीताल से मल्लीताल तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देते हुए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान स्वीप टीम नैनीताल ने मतदाता जागरूकता अभियान के तहत एसआईआर के ‘शंका समाधान संवाद’ कार्यक्रमों और विभिन्न स्वीप गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया।

तिरंगा यात्रा में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं नैनीताल जिले के प्रभारी मंत्री खजान दास, नैनीताल विधायक सरिता आर्या समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और आम नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद किया।

यात्रा के दौरान स्वीप टीम ने विद्यालयी छात्र-छात्राओं, युवा मतदाताओं और आमजन को मतदाता जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। एसआईआर के अंतर्गत संचालित ‘शंका समाधान संवाद’ के माध्यम से मतदाताओं की शंकाओं और सवालों के समाधान के लिए जागरूक किया गया। लोगों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान भी किया गया।

तिरंगा यात्रा में स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति और मतदाता जागरूकता का संदेश एक साथ दिखाई दिया।

इसी क्रम में भीमताल में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यहां भी स्वीप टीम नैनीताल की ओर से एसआईआर के ‘शंका समाधान संवाद’ कार्यक्रम और अन्य मतदाता जागरूकता गतिविधियों का प्रचार-प्रसार किया गया। कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल आर.एस. नेगी सहित अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और आमजन मौजूद रहे।

स्वीप टीम की ओर से राकेश लाल वर्मा, डॉ. प्रदीप उपाध्याय, मीनाक्षी कीर्ति, दीपा रैक्वाल, पूनम पंत और अभिलाषा कीर्ति समेत अन्य सदस्यों ने लोगों को मतदाता जागरूकता एवं एसआईआर से संबंधित जानकारी दी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!