निर्माण कार्यों में देरी पर आयुक्त सख्त, बोले—गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरे हों प्रोजेक्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार, नैनीताल में निर्माण विंग एवं उत्तराखंड पेयजल निगम के माध्यम से कुमाऊं मंडल में संचालित पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की मंडल स्तरीय समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में निर्माण विंग, उत्तराखंड पेयजल निगम के महाप्रबंधक ने बताया कि कुमाऊं मंडल में कुल 52 निर्माण कार्य संचालित हैं, जिनमें 48 कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं। जनपदवार समीक्षा में ऊधम सिंह नगर में सात, चंपावत में 15, नैनीताल में सात, अल्मोड़ा में छह, बागेश्वर में एक तथा पिथौरागढ़ में पांच निर्माण कार्य गतिमान बताए गए।

आयुक्त दीपक रावत ने सभी परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी, प्रशासनिक, भूमि अथवा अन्य किसी कारण से अटकी परियोजनाओं का संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए, ताकि परियोजनाओं को निर्धारित अवधि में पूरा किया जा सके।

मेडिकल कॉलेज से बस टर्मिनल तक कई बड़ी परियोजनाएं निर्माणाधीन

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि निर्माण एवं पेयजल निगम के माध्यम से मंडल में 47 कार्य वर्तमान में गतिमान हैं। इनमें एक कार्य वन भूमि हस्तांतरण तथा एक प्रकरण न्यायालय में लंबित है। शेष परियोजनाओं पर निर्माण कार्य जारी है।

ऊधम सिंह नगर में राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर, सितारगंज जेल का विस्तारीकरण तथा केंद्रीय कारागार/संपूर्णानंद शिविर सितारगंज की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। नैनीताल में काठगोदाम बस टर्मिनल, मेट्रोपोल होटल परिसर में सरफेस पार्किंग तथा रामनगर बस टर्मिनल एवं बस डिपो के निर्माण कार्य चल रहे हैं।

अल्मोड़ा में सोबन सिंह जीना आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान तथा द्वाराहाट, सल्ट और दन्या में राजकीय पॉलिटेक्निक के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। बागेश्वर में राजकीय पॉलिटेक्निक गरुड़ का निर्माण चल रहा है।

चंपावत में आईएसबीटी टनकपुर रोडवेज बस टर्मिनल डिपो, वर्कशॉप एवं रीजनल वर्कशॉप भवन, चंपावत में पार्किंग, चंपावत और लोहाघाट में फायर स्टेशन तथा टनकपुर में इंजीनियरिंग कॉलेज समेत 15 परियोजनाएं गतिमान हैं।

पिथौरागढ़ में बेस चिकित्सालय परिसर, गणाई गंगोली में पॉलिटेक्निक कॉलेज तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में परीक्षा हॉल का निर्माण कार्य चल रहा है। वहीं खेल विंग की चार परियोजनाओं में से तीन पर कार्य प्रगति पर है।

गुणवत्ता से समझौता नहीं

आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक निर्माण परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, भूमि संबंधी प्रकरण, विभागीय समन्वय तथा परियोजनाओं को समय पर पूरा करने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य अभियंता पेयजल निगम आलोक कुमार, महाप्रबंधक निर्माण एवं पेयजल निगम अनुज पांडे, अधीक्षण अभियंता अल्मोड़ा संदीप कश्यप, अधीक्षण अभियंता ऊधम सिंह नगर मनीष करारा, अधीक्षण अभियंता हल्द्वानी ए.के. कटारिया, संयुक्त निदेशक अर्थ एवं संख्या राजेंद्र तिवारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!