नैनीताल – हल्द्वानी से नैनीताल की ओर आ रही एक कार मंगलवार को ताकुला पुरानी चुंगी के पास अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ निवासी नवीन चंद्र भट्ट (28), कैलाश चंद्र भट्ट (66), देवीदत्त भट्ट (63) और टिहरी गढ़वाल निवासी नितेश (23) कार संख्या UK07AM-7810 से नैनीताल की ओर आ रहे थे। बताया गया कि ताकुला पुरानी चुंगी के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।


कार को खाई में गिरते देख स्थानीय निवासी बसंत मेहरा ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चारों घायलों को करीब 100 मीटर गहरी खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
बाल-बाल बची चार जिंदगियां
एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और फिलहाल उनकी स्थिति ठीक बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि कार कुछ फीट और नीचे चली जाती तो हादसा और गंभीर हो सकता था। समय रहते रेस्क्यू कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसे के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Skip to content










