नैनीताल/भीमताल/हल्द्वानी – जनपद नैनीताल को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से शनिवार से विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ हो गया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर शुरू हुआ यह अभियान 8 से 16 अगस्त तक जिले के ग्रामीण, नगरीय एवं वन क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। अभियान के पहले दिन विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवी संगठनों की सामूहिक भागीदारी से सफाई अभियान चलाकर जगह-जगह जमा कूड़े को एकत्रित कर उसका सुरक्षित निस्तारण किया गया।
विशेष स्वच्छता अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग, जिला मार्गों, ग्राम पंचायतों, शहरी क्षेत्रों, वन क्षेत्रों से लगे मार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई की जा रही है। सड़कों एवं राजमार्गों के दोनों ओर फैले कूड़े के साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक को चिन्हित कर एकत्रित किया जा रहा है और उसका नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।


अभियान को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला एवं युवक मंगल दलों, एनसीसी, एनएसएस तथा आमजन का सहयोग लिया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य केवल अभियान अवधि में सफाई करना ही नहीं, बल्कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने के लिए प्रेरित करना भी है।
जिलाधिकारी ने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश देते हुए संबंधित विभागों एवं टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित करने को कहा है। 16 अगस्त तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सफाई एवं कूड़ा निस्तारण की कार्रवाई की जाएगी।

Skip to content










