नैनीताल – स्वतंत्रता दिवस-2026 को जनपद नैनीताल में पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया जाएगा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 15 अगस्त के कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी आयोजन समयबद्ध, सुव्यवस्थित और जनसहभागिता के साथ संपन्न कराए जाएं।
निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस पर देश के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया जाएगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, राज्य आंदोलनकारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही विद्यालयों में देशभक्ति गीत, पेंटिंग, निबंध, क्विज सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।


15 अगस्त की सुबह 7 बजे जनपद के स्कूलों, कॉलेजों एवं विभिन्न संस्थानों से प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। नैनीताल में प्रभात फेरी मल्लीताल फ्लैट मैदान से प्रारंभ होकर तल्लीताल गांधी चौक तक पहुंचेगी। प्रभात फेरी के दौरान स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस एवं प्राथमिक उपचार टीम तैनात रहेगी, जबकि पुलिस विभाग यातायात व्यवस्था संभालेगा।
स्वतंत्रता दिवस पर सुबह 9 बजे सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं अन्य सार्वजनिक भवनों में ध्वजारोहण किया जाएगा। जिलाधिकारी कार्यालय में प्रातः 9:30 बजे ध्वजारोहण होगा। इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 14 अगस्त की शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक तथा 15 अगस्त की सुबह 6 बजे से पूरे जनपद में लाउडस्पीकर के माध्यम से देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। वहीं सरकारी, अर्द्धशासकीय एवं ऐतिहासिक भवनों को एलईडी रोशनी से सजाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि 8 से 16 अगस्त तक पूरे जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम, नगर पालिकाओं, ग्राम पंचायतों, वन विभाग सहित सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान संचालित करेंगे। साथ ही खेलकूद प्रतियोगिताओं और वृहद पौधरोपण कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। प्लास्टिक के राष्ट्रीय ध्वज का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही नगर निगम एवं नगर पालिकाओं को महानुभावों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं रंग-रोगन का कार्य 15 अगस्त से पूर्व पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनसभाएं आयोजित कर अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है, जिसे पूरे सम्मान और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाना चाहिए।

Skip to content










