चाफी-पदमपुरी-धारी मार्ग पर धीमे काम पर फूटा मंत्री का गुस्सा, बोले—लापरवाही पर होगी कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

भीमताल – भीमताल विधानसभा क्षेत्र के चाफी-पदमपुरी-धारी मोटर मार्ग के निर्माण कार्य में हो रही देरी पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि स्वीकृत धनराशि के बावजूद कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री कैड़ा ने बताया कि लंबे समय से जर्जर पड़े इस मोटर मार्ग के कारण ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों की मांग पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सड़क के डामरीकरण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सड़क के सोलिंग एवं डामरीकरण कार्य के लिए लगभग ₹9.37 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कराई गई।

उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में डामरीकरण संभव नहीं है, लेकिन सोलिंग और जलभराव वाले स्थानों पर टाइल निर्माण जैसे कार्य आसानी से किए जा सकते हैं। इसके बावजूद कार्य की गति बेहद धीमी है, जिससे लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों पर तत्काल टाइल लगाने तथा सोलिंग का कार्य तेजी से पूरा किया जाए, ताकि बरसात के दौरान लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सुनकिया, लेटीबुंगा, दिनी तल्ली, मानाघेर, मटियाल और पदमपुरी सहित कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक सहित प्रदेश के विभिन्न क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के डामरीकरण के लिए सरकार ने धनराशि स्वीकृत की है। बरसात समाप्त होते ही इन सड़कों पर डामरीकरण का कार्य तेज गति से शुरू कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!