डीपीएस हल्द्वानी में ‘अभिव्यक्ति-2026’ का भव्य आगाज़, साहित्य और सृजनात्मकता के रंग में रंगे विद्यार्थी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। दिल्ली पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी में तीन दिवसीय साहित्यिक महोत्सव ‘अभिव्यक्ति-2026’ के द्वितीय संस्करण का भव्य शुभारंभ उत्साह, रचनात्मकता और साहित्यिक गरिमा के साथ हुआ। प्रथम संस्करण की शानदार सफलता के बाद आयोजित इस महोत्सव के पहले दिन विद्यार्थियों ने विभिन्न साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के सभी सत्रों का संचालन टीम ट्विन विन (Team Twin Win) द्वारा किया गया, जिनकी अनुभवात्मक एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण शैली ने विद्यार्थियों को सीखने और स्वयं को अभिव्यक्त करने का सशक्त मंच प्रदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने अर्ध-शास्त्रीय नृत्य के माध्यम से मनोहारी सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को ज्ञान, संस्कृति और प्रेरणा से सराबोर कर दिया। इसी के साथ तीन दिवसीय साहित्यिक उत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ।

पहले दिन आयोजित विभिन्न गतिविधियों में कक्षा तृतीय के विद्यार्थियों ने ‘वन लाइन स्टोरीज़’ के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया, जबकि कक्षा पंचम के विद्यार्थियों ने ‘स्टोरीवर्स – व्हेयर आइडियाज़ कम अलाइव’ के अंतर्गत अपनी मौलिक एवं रचनात्मक कहानियों से सभी को प्रभावित किया। कक्षा षष्ठम् के विद्यार्थियों ने ‘स्टोरीटेलिंग थ्रू पपेट्री’ में कठपुतली कला के माध्यम से प्रभावशाली कहानी प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी। वहीं कक्षा सप्तम् के विद्यार्थियों ने ‘वॉइस, विज़न, विक्ट्री – कॉन्फिडेंस ड्रिल थ्रू थिएटर’ गतिविधि के जरिए आत्मविश्वास, संवाद कौशल और मंच संचालन की उत्कृष्ट क्षमता का परिचय दिया।

कक्षा अष्टम् के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ‘महिषासुर मर्दिनी’ श्लोक वाचन ने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंतिम सत्र में ‘एक्सटेम्पोर एवं क्रिएटिव राइटिंग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई)’ विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों को तात्कालिक वक्तृत्व, रचनात्मक लेखन तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जिम्मेदार एवं प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई।

पूरे दिन आयोजित सहभागितापूर्ण एवं अनुभवात्मक गतिविधियों ने विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास, सहयोग की भावना और समालोचनात्मक चिंतन को नई दिशा दी। सीखने की यह प्रक्रिया विद्यार्थियों के लिए आनंददायक होने के साथ-साथ अत्यंत प्रेरणादायी भी रही।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ‘अभिव्यक्ति-2026’ का उद्देश्य विद्यार्थियों में साहित्य, भाषा, कला और प्रभावी अभिव्यक्ति के प्रति रुचि विकसित करना है। महोत्सव का पहला दिन इस उद्देश्य को सफलतापूर्वक साकार करता दिखाई दिया। आगामी दो दिनों में आयोजित होने वाले विविध ज्ञानवर्धक एवं प्रेरक सत्र विद्यार्थियों को नई सीख प्रदान करेंगे तथा साहित्य और कला के प्रति उनके जुड़ाव को और अधिक सशक्त बनाएंगे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!