हल्द्वानी – संयुक्त सनातन गौ रक्षा वाहिनी (राष्ट्रीय) एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समर्पित के प्रदेश अध्यक्ष हाजी फिरसत हुसैन ने सोमवार को संगठन के अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष शाहिद हुसैन के कार्यालय (एस एजुकेशन स्कूल परिसर) पहुंचकर कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में संगठन के विस्तार, गौ संरक्षण और विभिन्न सामाजिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हाजी फिरसत हुसैन ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।


बैठक में गौ संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने देशभर में गौ तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने, अवैध बूचड़खानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने तथा गौ संरक्षण को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। साथ ही गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिए जाने संबंधी मांग पर भी चर्चा की गई।
बैठक में अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष शाहिद हुसैन, जिला सचिव शमीम अहमद, इस्माइल अंसारी, दिलशाद हुसैन, मोहम्मद कासिम, दिनेश चौहान सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Skip to content










