रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच ने उत्तराखंड और सीबीएसई बोर्ड के टॉपर्स को किया सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर – उत्तराखंड की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राएं ही प्रदेश और देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि संकल्प, अनुशासन और संस्कार से मिलती है तथा इन्हीं मूल्यों के बल पर व्यक्ति लंबे समय तक सफलता के शिखर पर बना रह सकता है।

मंगलवार को रुद्रपुर स्थित होटल सोनिया के सभागार में रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए रेखा आर्या ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने संस्था द्वारा वर्षों से किए जा रहे सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति इस बात से तय होती है कि वह अपनी प्रतिभाओं को कितना सम्मान और अवसर देता है।

उन्होंने सम्मानित छात्र-छात्राओं से कहा कि उनकी सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। अब उनके जीवन की नई यात्रा शुरू हो रही है, इसलिए सफलता के साथ-साथ अच्छे संस्कार और दृढ़ संकल्प को भी हमेशा अपने साथ रखें। उन्होंने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने और अपनी प्रतिभा से उत्तराखंड एवं देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

रेखा आर्या ने कहा कि आज का विद्यार्थी केवल कल का भविष्य नहीं, बल्कि आज का भी गौरव है। जब प्रदेश का युवा आगे बढ़ेगा, तभी उत्तराखंड और देश विकास के नए आयाम स्थापित करेंगे। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक सफलता के पीछे परिवार के त्याग और गुरुजनों के मार्गदर्शन की अहम भूमिका होती है।

समारोह में इस वर्ष उत्तराखंड बोर्ड एवं सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10 और 12 की परीक्षाओं में अपने-अपने विद्यालयों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले 93 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोड़ा, मेयर विकास शर्मा, बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य दीपक गुलाटी, प्रिया शर्मा, केवल बत्रा, विकास बत्रा, सुधांशु गाबा, सुभाष अरोड़ा, मोहित राय, मनोज खेड़ा, अमित बांगा, मोहित बत्रा, रितेश मनोला, राजेश कामरा, पवन गाबा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं शिक्षाविद मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!