नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 21 प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ दो गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

किच्छा – “नशामुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित डायजेपाम इंजेक्शन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 21 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर डॉ. उत्तम सिंह नेगी, क्षेत्राधिकारी सितारगंज भूपेंद्र सिंह धौनी, कोतवाली प्रभारी रवि कुमार तथा वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुराग सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 14 जुलाई को चेकिंग अभियान के दौरान कार्रवाई की।

पुलिस ने बेदी मोहल्ला स्थित रेलवे पटरी के पास से शिवकुमार पुत्र रामजीवन, निवासी पुरानी गल्ला मंडी, किच्छा, तथा सूरज पुत्र रामदास, निवासी पंजाबी मोहल्ला वार्ड-16, किच्छा को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान शिवकुमार के कब्जे से 11 प्रतिबंधित डायजेपाम इंजेक्शन तथा सूरज के पास से 10 प्रतिबंधित डायजेपाम इंजेक्शन बरामद हुए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली किच्छा में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।

15 जुलाई को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किच्छा क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए “नशामुक्त उत्तराखंड” के संकल्प को साकार करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक संतोष उप्रेती, कांस्टेबल देवराज सिंह और कांस्टेबल बृजमोहन सिंह शामिल रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!