Breaking News

रामनगर के लग्जरी रिसॉर्ट पर पुलिस का बड़ा छापा, हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का पर्दाफाश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रामनगर – नैनीताल पुलिस ने जनपद में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रामनगर स्थित एक लग्जरी रिसॉर्ट में संचालित हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में एसओजी, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। कार्रवाई के दौरान 10 महिलाओं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को मुक्त कराया गया। पुलिस ने अवैध गतिविधियों के संचालन में प्रयुक्त रिसॉर्ट को भी सील कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 4 जुलाई 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर की गई। एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज सिंह कत्याल तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में संयुक्त टीम ने रामनगर स्थित एक बड़े रिसॉर्ट पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान रिसॉर्ट में बाहरी राज्यों तथा विदेश से लाई गई 10 महिलाओं को पाया गया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल थी। मौके पर 52 व्यक्ति महिलाओं के साथ अनैतिक देह व्यापार, शराब एवं नशे की पार्टी, महिलाओं से अश्लील नृत्य कराने, उन पर नोट उड़ाने तथा अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों में लिप्त मिले।

पुलिस ने 51 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए तथा एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लेकर कोतवाली रामनगर में धारा 143 बीएनएस, अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 5 एवं 6, पॉक्सो अधिनियम की धारा 14, आबकारी अधिनियम की धारा 60/21 तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 77 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पूछताछ में मुख्य आयोजक उमेन्द्र कुमार निवासी मेरठ ने बताया कि वह एक कीटनाशक निर्माण कंपनी का संचालक है और अपनी कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए यह पार्टी आयोजित की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि लगभग दस दिन पहले उसने रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी से संपर्क कर शराब, महिलाओं और तथाकथित “एक्स्ट्रा सर्विस” की व्यवस्था कराने को कहा था। इसके बाद 4 से 5 जुलाई तक रिसॉर्ट को लगभग 2.20 लाख रुपये में बुक किया गया था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सुनील कुमार के माध्यम से राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी ने प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से व्यवस्था कराई थी। पुलिस के अनुसार रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर ने होटल स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि पार्टी में आने वाले किसी भी व्यक्ति अथवा महिला की आगंतुक रजिस्टर में कोई प्रविष्टि न की जाए, ताकि साक्ष्यों को छिपाया जा सके।

इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने रिसॉर्ट का उपयोग अनैतिक देह व्यापार एवं अन्य अवैध गतिविधियों के लिए किए जाने तथा साक्ष्य मिटाने के प्रयास को गंभीर मानते हुए रिसॉर्ट को सील कर दिया। मामले में फरार रिसॉर्ट जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन पेटी शराब, एक पेटी बीयर, दस रुपये के मूल्य वाले भारतीय मुद्रा सदृश 24 गड्डी नकली नोट, महिलाओं पर उड़ाए गए नोटों का पुलिंदा, आपत्तिजनक सामग्री, लैपटॉप, कई मोबाइल फोन, कार्यक्रम से संबंधित फोटो एवं चैट, म्यूजिक सिस्टम, एम्पलीफायर और साउंड बॉक्स समेत अन्य सामान बरामद किया।

इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई को सफल बनाने वाली टीम में अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, एएचटीयू प्रभारी उपनिरीक्षक सुनीता कुंवर, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन सिंह सौन, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, एएसआई प्रेम बल्लभ जोशी सहित एसओजी एवं रामनगर पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

इस प्रभावी कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पूरी पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अनैतिक गतिविधियों, मानव तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!