हल्द्वानी – उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के मार्गदर्शन में गुरुवार को दीवार खत्ता गुज्जर बस्ती, भाकर रेंज, लामाचौड़ (हल्द्वानी) में वन गुज्जर समुदाय के लिए विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीडी) पारुल थपलियाल के नेतृत्व में किया गया।
शिविर के दौरान वन गुज्जर समुदाय को वन अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त अधिकारों, कानूनी प्रावधानों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।


कार्यक्रम में सचिव पारुल थपलियाल ने उपस्थित लोगों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना। इस दौरान आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, अन्य सरकारी दस्तावेजों के निर्माण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने जैसी समस्याएं सामने आईं। संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया तथा नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर वन महोत्सव सप्ताह के तहत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय वन गुज्जर परिवारों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान वन गुज्जर समुदाय के लोगों ने विधिक जागरूकता शिविर की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को ग्रामीण एवं वन क्षेत्रों में नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

Skip to content










