नैनीताल – उत्तराखंड की प्रसिद्ध नैनीझील से लगातार दूसरे दिन शव मिलने की घटना से नगर में सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह मल्लीताल क्षेत्र में झील में एक व्यक्ति का शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को झील से बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों द्वारा शव की पहचान किए जाने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 7:22 बजे किसी राहगीर ने डायल-112 पर सूचना दी कि मल्लीताल स्थित एनसीसी ट्रेनिंग सेंटर और मां मायना देवी मंदिर के समीप नैनीझील में एक शव उतराता दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही मल्लीताल कोतवाली पुलिस की टीम वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिनेश जोशी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची।


पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को झील से बाहर निकाला। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से करीब 4 हजार रुपये बरामद हुए। बाद में उसकी पहचान 48-50 वर्षीय महिंदर चौहान के रूप में हुई, जो ऑल सेंट्स स्कूल में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि मृतक की डूबने की घटना हाल ही में हुई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए बी.डी. पांडे अस्पताल भेज दिया है। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पूर्व शुक्रवार को भी मल्लीताल के बड़ा बाजार निवासी मनीष साह का शव नैनीझील से बरामद हुआ था। लगातार दो दिनों में झील से दो शव मिलने की घटनाओं ने स्थानीय लोगों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।

Skip to content










