अंतिम बड़े मंगल पर राज्यपाल ने हनुमानगढ़ी में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि और विकास की कामना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – अंतिम बड़े मंगल के पावन अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने नैनीताल स्थित प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन एवं विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास की कामना करते हुए भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त किया।

पूजा-अर्चना के उपरांत राज्यपाल ने कहा कि हनुमानगढ़ी मंदिर की आध्यात्मिक ऊर्जा और दिव्य वातावरण भारतीय संस्कृति की उस महान सनातन परंपरा का प्रतीक है, जो सेवा, समर्पण, साहस और लोककल्याण का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आस्था केंद्र समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करने के साथ-साथ मानवीय मूल्यों को भी सुदृढ़ करते हैं।

राज्यपाल ने कहा कि हनुमानगढ़ी जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र हमारी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। ये स्थल केवल श्रद्धा और आस्था के केंद्र ही नहीं, बल्कि समाज को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण की प्रेरणा देने वाले जीवंत स्रोत भी हैं।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक धरोहर देश-दुनिया के श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है। यहां के मंदिर और तीर्थस्थल भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।

राज्यपाल ने भगवान हनुमान से प्रार्थना की कि उनकी कृपा प्रदेश एवं देशवासियों पर बनी रहे तथा समाज में शांति, सद्भाव, समृद्धि और विकास का वातावरण निरंतर मजबूत होता रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!