सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण सम्पन्न, 50 एनसीसी कैडेट्स हुए प्रशिक्षित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

घोड़ाखाल  – 79 यूके बटालियन एनसीसी, नैनीताल द्वारा सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी) के अंतर्गत युवा आपदा मित्र (YAMS) प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। 13 जून से 19 जून 2026 तक चले इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में 50 एसडी एवं एसडब्ल्यू एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन 01 एसडीआरएफ बटालियन की ‘ई’ कंपनी, राजभवन नैनीताल की विशेषज्ञ टीम द्वारा किया गया। मास्टर ट्रेनर नवीन चन्द्र के नेतृत्व में कैडेट्स को आपदा प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण तकनीकों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को खोज एवं बचाव कार्य (सर्च एंड रेस्क्यू), प्राथमिक उपचार, सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन), अग्नि सुरक्षा, जंगल में जीवित रहने की तकनीक (सर्वाइवल स्किल्स) तथा उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने विभिन्न आपदा परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने के तरीकों का भी प्रदर्शन किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को आपदा के समय समाज की सहायता करने योग्य बनाना, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा सामुदायिक सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कैडेट्स ने भी कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसे भविष्य के लिए महत्वपूर्ण अनुभव बताया।

इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। शिविर में मौजूद 600 से अधिक एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर में स्थानीय प्रजातियों के सैकड़ों पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

एनसीसी अधिकारियों ने कहा कि युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे कैडेट्स में न केवल आपदा प्रबंधन संबंधी कौशल विकसित होते हैं, बल्कि उनमें समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है।

79 यूके बटालियन एनसीसी, नैनीताल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम आपदा के समय समाज की सेवा के लिए सक्षम, जिम्मेदार और प्रशिक्षित युवा तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!