21 जून को 3874 अभ्यर्थी देंगे नीट परीक्षा, सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुचिता के साथ संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने नगर निगम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में परीक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुचिता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सघन जांच, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण तथा परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहें तथा नियमानुसार बायोमैट्रिक उपस्थिति के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा उसकी सूचना प्रशासन को तुरंत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गरिमा बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा अव्यवस्था को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी अधिकारी निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक बैकअप व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने स्वच्छ पेयजल, स्वच्छ शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने नीट परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित समय से पहले अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें, जिससे उन्हें प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा समय पर प्रारंभ कराई जा सके।

बैठक में परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने बताया कि 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए जनपद को दो जोन एवं 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में अधिकारियों की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि जनपद के प्रत्येक परीक्षा केंद्र को एक सेक्टर के रूप में चिन्हित किया गया है तथा प्रत्येक केंद्र पर व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर 3874 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा 21 जून को अपराह्न 2:00 बजे से सायं 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रशासन, पुलिस विभाग एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

बैठक में एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी, सिटी कोऑर्डिनेटर, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!