Breaking News

बाबा नीब करौरी महाराज के दरबार में उमड़ा जनसैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

भवाली/कैंची धाम – विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम में बाबा नीब करौरी महाराज के स्थापना दिवस एवं वार्षिक मेले के अवसर पर रविवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शनों और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए तड़के सुबह से ही मंदिर परिसर और मुख्य मार्गों पर कतारबद्ध नजर आए।

प्रातः ठीक 5 बजे वैदिक मंत्रोच्चार, विधि-विधान और विशेष पूजा-अर्चना के साथ बाबा नीब करौरी महाराज के पावन कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलने से पूर्व ही मंदिर परिसर के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई थीं। कपाट खुलते ही जयकारों और भक्ति के माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा एवं यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, शटल सेवा मार्गों और प्रमुख यातायात मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं स्वयंसेवकों की टीम भी श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराने में जुटी हुई है।

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य और अनुशासन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि सभी श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करें तथा सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें। साथ ही यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए निर्धारित रूट प्लान और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने का अनुरोध भी किया गया है।

नैनीताल पुलिस के अनुसार श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा मेले को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। आस्था, श्रद्धा और भक्ति के इस महापर्व में कैंची धाम एक बार फिर आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आ रहा है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!