दोस्ती में मजाक बना मुसीबत, ‘गुमशुदा दोस्त’ के पोस्टर चिपकाने पर पहुंची पुलिस – पढ़े क्या है पूरा मामला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर – दोस्ती में नाराजगी के चलते किया गया एक मजाक युवकों को भारी पड़ गया। कई दिनों से बातचीत बंद होने पर दोस्तों ने अपने मित्र को ‘गुमशुदा’ घोषित कर शहरभर में उसके पोस्टर चस्पा कर दिए। मामला तब तूल पकड़ गया जब पोस्टर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसकी जानकारी युवक व उसके परिजनों तक पहुंच गई। इसके बाद मामला पुलिस तक जा पहुंचा।

जानकारी के अनुसार रेलवे रोड निवासी एक युवक की अपने तीन दोस्तों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। नाराजगी के चलते युवक ने उनसे बातचीत बंद कर दी। दोस्त उसे मनाने का तरीका तलाश रहे थे, लेकिन उन्होंने जो तरीका अपनाया, वह उनके लिए परेशानी का कारण बन गया।

दोस्तों ने युवक की फोटो के साथ ‘गुमशुदा’ लिखकर पोस्टर तैयार कराए और उन्हें शहर के विभिन्न स्थानों, जिनमें अंतरराज्यीय बस अड्डा परिसर और आशुतोष नगर क्षेत्र शामिल हैं, की दीवारों पर चस्पा कर दिया। इतना ही नहीं, पोस्टर में युवक को ढूंढकर लाने वाले के लिए एक सिगरेट की डिब्बी इनाम के रूप में देने की बात भी लिखी गई थी।

इसके बाद युवकों ने पोस्टरों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया। वायरल वीडियो युवक और उसके परिजनों की नजर में आया तो उन्होंने इस पर आपत्ति जताते हुए कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और एक युवक को पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ में युवक ने बताया कि उनका मित्र कई दिनों से उनसे नाराज था और बात नहीं कर रहा था। उसे मनाने और मजाक के तौर पर ही पोस्टर लगाए गए थे।

प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि मामले में संबंधित युवकों को थाने बुलाकर कड़ी चेतावनी दी गई है। साथ ही उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार के भ्रामक पोस्टर लगाना और सोशल मीडिया पर वायरल करना अनुचित है तथा भविष्य में ऐसे मामलों को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने युवाओं से सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार करने की अपील भी की है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!