Breaking News

जंगलों में आग को लेकर प्रशासन सतर्क, लोगों से सावधानी बरतने की अपील

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

पौड़ी – जनपद में बढ़ती गर्मी और लगातार शुष्क हो रहे मौसम के बीच जंगलों में आग लगने की घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। इसे देखते हुए फायर सर्विस पौड़ी और वन विभाग की टीमें लगातार सतर्कता और मुस्तैदी के साथ निगरानी में जुटी हुई हैं।

वन संपदा, वन्यजीवों और आसपास के आबादी क्षेत्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आगजनी की प्रत्येक सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में फायर स्टेशन पौड़ी को सूचना मिली कि मांडा खाल के पास तथा देवप्रयाग रोड स्थित खांडूसैंण क्षेत्र के जंगलों में भीषण आग लगी हुई है, जो तेजी से आसपास के वन क्षेत्रों में फैल रही है।

सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम आवश्यक अग्निशमन उपकरणों और मोटर फायर इंजन के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर फायर सर्विस और वन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

कठिन परिस्थितियों और तेज गर्मी के बीच टीमों ने मोटर फायर इंजन से पंपिंग कर होजरील और अन्य अग्निशमन उपकरणों की सहायता से लगातार प्रयास किए। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

फायर सर्विस अधिकारियों के अनुसार समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास के जंगलों और आबादी क्षेत्रों को बड़ा नुकसान हो सकता था।

अभियान में चालक राजेंद्र हिंदवाल, फायरमैन दीपक रावत, संजय सिंह, एफएम दीपक रावत, एफडब्ल्यू रीना और पीआरडी जवान जय सिंह शामिल रहे।

प्रशासन ने लोगों से जंगलों में आग से बचाव को लेकर सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की आगजनी की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को देने की अपील की है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!