हल्द्वानी – हल्द्वानी ब्लॉक सभागार में उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में बाल विकास परियोजना विभाग की हल्द्वानी नगरीय क्षेत्र की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान आयोग सदस्य ने बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं सेक्टर सुपरवाइजरों से बाल पोषण एवं महिला पोषण योजना, महालक्ष्मी किट, रेडी टू ईट, अनुपूरक पोषाहार, आंचल अमृत योजना, नंदा गौरा योजना तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली।


इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा रखी गई विभिन्न समस्याओं का भी संज्ञान लिया गया। योगेश सिंह रजवार ने बाल विकास परियोजना अधिकारी को निर्देशित किया कि समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और महिलाओं को बेहतर एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी वर्गों के पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आधार कैंप आयोजित किए जाएं। साथ ही बाल श्रम एवं भिक्षावृत्ति की रोकथाम के लिए विशेष प्रयास करते हुए निराश्रित बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
आयोग सदस्य ने कहा कि बच्चों और महिलाओं के पोषण, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए विभागीय स्तर पर समन्वय और नियमित निगरानी आवश्यक है।
बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी किरण जोशी, सेक्टर सुपरवाइजर सहित बड़ी संख्या में हल्द्वानी नगरीय क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

Skip to content











