जसपुर – उधमसिंहनगर जिले के जसपुर क्षेत्र में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास और जानलेवा हमले की घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार जसपुर के ग्राम दादूवाला निवासी रामदेई पत्नी छोटे लाल गांव में पशु चराकर जीवनयापन करती हैं। बताया जा रहा है कि बीते दिन वह अपने पशुओं को चराने के लिए गई थीं, इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।


विरोध करने पर आरोपी ने महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं और आंख में भी गंभीर नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
काशीपुर क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में महिला सुरक्षा को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Skip to content










