Breaking News

रूम हीटर की तली में छुपाया 20 तोला सोना, लेकिन पुलिस की नजर से नहीं बच पाया शातिर चोर…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रूम हीटर की तली में छुपाया 20 तोला सोना, लेकिन पुलिस की नजर से नहीं बच पाया शातिर चोर

लालकुआं पुलिस ने 35 लाख के जेवरों के साथ आरोपी को दबोचा, 2025 की बड़ी चोरियों का भी खुलासा

लालकुआं। जनपद नैनीताल के लालकुआं क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी किए गए करीब 20 तोला सोने के आभूषणों को पंखेनुमा रूम हीटर की तली में छुपाकर बेचने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से लगभग 35 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर बरामद किए गए हैं।

एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। वह चोरी के गहनों को रूम हीटर की बॉडी और उसकी निचली तली के भीतर छुपाकर रखता था ताकि किसी को उस पर शक न हो। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं।

मामले की शुरुआत 19 मई 2026 को हुई, जब बिन्दुखत्ता निवासी चन्द्रा देवी ने लालकुआं थाने में शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने के हार, मंगलसूत्र, नथ, चेन, अंगूठियां और अन्य कीमती जेवर चोरी कर ले गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने क्षेत्र के करीब 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और टेक्निकल सर्विलांस के जरिए संदिग्धों पर नजर रखी।

23 मई 2026 को बिन्दुखत्ता चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गौरव जोशी को सूचना मिली कि चोरी के जेवर बेचने के लिए एक संदिग्ध क्षेत्र में पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से कुछ टूटे हुए सोने के आभूषण बरामद हुए। जब पुलिस ने पंखेनुमा रूम हीटर की निचली तली खोलकर जांच की तो उसके अंदर बड़ी मात्रा में सोने के जेवर छुपाकर रखे मिले।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह दिन के समय बंद पड़े मकानों की रेकी करता था और रात में ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वर्ष 2025 की दो अन्य बड़ी चोरी की घटनाएं भी उसी ने की थीं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान भानु प्रताप पुत्र रोशन लाल निवासी बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार बरामद किए गए आभूषणों की पहचान शिकायतकर्ताओं द्वारा कर ली गई है और आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!