Breaking News

हल्द्वानी तपिश से बेहाल, गर्म हवाओं ने बढ़ाई मुश्किलें; पारा पहुंचा 41 डिग्री

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ा। सुबह से ही तेज धूप और उमस के कारण दोपहर जैसी तपिश महसूस होने लगी थी।

गर्म हवाओं के चलते शहर की सड़कों पर दोपहर के समय आवाजाही कम दिखाई दी। बाजार, पार्क और सार्वजनिक स्थानों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा कम भीड़ नजर आई। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और खुले में काम करने वाले लोगों को उठानी पड़ी।

तेज धूप और गर्मी से बचने के लिए कई लोग सिर ढककर घरों से बाहर निकले, जबकि गर्म हवाओं के कारण लोग पसीने से तरबतर दिखाई दिए। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने भी बढ़ते तापमान को देखते हुए सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा है। लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

हल्द्वानी का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर भी गर्मी की चपेट से अछूता नहीं रहा। यहां अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी तेज गर्मी और गर्म हवाएं चलने की संभावना जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!