मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन अलर्ट, राजनीतिक दलों के साथ हुई अहम बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – उत्तराखण्ड में आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बूथ लेवल एजेंट (BLA-2), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे तथा मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाया जाए।

जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर एसआईआर कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने बताया कि जनपद नैनीताल में 1010 पोलिंग स्टेशनों के सापेक्ष भारतीय जनता पार्टी द्वारा 1001 तथा इंडियन नेशनल कांग्रेस द्वारा 793 बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए जा चुके हैं।

उन्होंने सभी ईआरओ एवं एईआरओ को निर्देशित किया कि एसआईआर कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य प्राप्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम की जानकारी भी साझा की गई। इसके तहत 29 मई से 7 जून तक प्रशिक्षण एवं तैयारी कार्य, 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन, 14 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन तथा 15 सितम्बर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एडीईओ एचडी पांडे सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें बसपा जिला अध्यक्ष शिव गणेश, कांग्रेस प्रतिनिधि कृष्णा पांडे, भाजपा प्रतिनिधि दिनेश खुलवे और मनीष पाल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!