भीमताल में सील किए गए होटल के दोबारा संचालन को लेकर उठे सवाल,प्रशासनिक कार्रवाई पर भी उठे प्रश्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

भीमताल/हल्द्वानी – नैनीताल जनपद के भीमताल क्षेत्र स्थित पांडेगांव में एक होटल के दोबारा संचालन और निर्माण कार्य जारी रहने के मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। मामले में प्रशासनिक कार्रवाई और नियमों के अनुपालन को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।

हल्द्वानी निवासी पार्षद रवि जोशी ने मुख्यमंत्री, कुमाऊं आयुक्त और जिलाधिकारी नैनीताल को पत्र भेजकर मामले की जांच की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि जिस होटल पर पूर्व में प्रशासनिक कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई थी, वहां अब पुनः गतिविधियां संचालित होने की बात कही जा रही है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि किसी भवन पर नियमों के उल्लंघन अथवा अन्य कारणों से कार्रवाई की गई थी, तो वहां दोबारा निर्माण अथवा संचालन शुरू होने की स्थिति की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित क्षेत्र पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है, ऐसे में निर्माण गतिविधियों को लेकर सभी आवश्यक मानकों और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

स्थानीय लोगों ने भी मामले में स्पष्ट स्थिति सामने लाने और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि नियमों के अनुपालन और प्रशासनिक पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है।

शिकायत में पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा आवश्यकतानुसार संबंधित पक्षों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है।फिलहाल मामले में प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!