रुद्रपुर – मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में महिला कर्मियों के लिए सार्वजनिक स्थलों एवं शासकीय भवनों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक मा० सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन “Maatr Sparsh – An Initiative by Avyaan Foundation Versus Union of India & Others” प्रकरण के क्रम में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों में कार्यरत महिला कर्मियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित करना रहा।


बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी सहित जनपद स्तरीय अधिकारियों, विभागीय कर्मचारियों एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान महिला हितों से संबंधित वर्तमान व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में स्कूलों, डिग्री कॉलेजों, रोडवेज परिसरों, पूजा स्थलों, शासकीय भवनों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर महिला कर्मियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय, सेनेटरी नैपकिन की उपलब्धता, विश्राम कक्ष, क्रेच केंद्र एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यालयों और संस्थानों में महिला अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करें तथा आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने भी अपने विभागों से संबंधित सुझाव साझा किए। अंत में सभी विभागों को महिला हित से जुड़ी व्यवस्थाओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लागू करने के निर्देश दिए गए।

Skip to content










