मेधावी विद्यार्थियों से बोले डीएम नितिन सिंह भदौरिया—रुचि के अनुसार चुनें लक्ष्य, सफलता होगी सुनिश्चित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर – उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपद के मेधावी विद्यार्थियों के साथ मंगलवार को एक प्रेरणादायी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अपने छात्र जीवन से लेकर सिविल सेवा तक के संघर्षपूर्ण सफर को साझा करते हुए विद्यार्थियों को सफलता के महत्वपूर्ण सूत्र बताए।

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में उनका मार्गदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने लक्ष्य निर्धारण, नीट परीक्षा की तैयारी तथा विषय चयन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर प्रश्न पूछे। जिलाधिकारी ने सभी प्रश्नों के सहज, व्यावहारिक और प्रेरक उत्तर देते हुए विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे अपनी वास्तविक रुचि के अनुसार ही विषय एवं करियर का चयन करें, जिससे निरंतरता और उत्कृष्टता प्राप्त की जा सके।

उन्होंने विद्यार्थियों को संतुलित जीवनशैली अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी आवश्यक है। उन्होंने खेल, संगीत, नृत्य एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया, जिससे व्यक्तित्व का समग्र विकास संभव हो सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि सफलता केवल कठोर परिश्रम से ही नहीं, बल्कि सही दिशा और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन से भी प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संस्थानों का चयन करने तथा प्रतिस्पर्धी वातावरण में सीखने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विषयों में समान अवसर उपलब्ध हैं और प्रत्येक क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य की संभावनाएं मौजूद हैं।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर उन्होंने सुझाव दिया कि विद्यार्थी पहले परीक्षा के पाठ्यक्रम को गहराई से समझें, उसके बाद ठोस योजना बनाकर नियमित अभ्यास करें। अनुशासन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को जीवनोपयोगी पुस्तकें, बैग एवं मिष्ठान वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। यह संवाद कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक साबित हुआ और उनके भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक रहा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी सावेद आलम, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी सहित अनेक विद्यार्थी, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!