वनाग्नि को लेकर अलर्ट मोड में हल्द्वानी वन प्रभाग, छोटी घटनाओं पर भी तुरंत एक्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – गर्मी के मौसम में बढ़ते वनाग्नि खतरे को देखते हुए हल्द्वानी वन प्रभाग अलर्ट मोड में आ गया है। विभाग ने आग से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं और फिलहाल क्षेत्र में किसी बड़े खतरे की स्थिति से इनकार किया गया है।

प्रभागीय वन अधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि वनाग्नि से निपटने के लिए सभी क्रू स्टेशन सक्रिय कर दिए गए हैं। प्रत्येक स्टेशन पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने जानकारी दी कि फायर वॉचर्स की तैनाती पूरी कर ली गई है और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीमा भी कराया गया है। साथ ही आग बुझाने के लिए जरूरी उपकरण संबंधित टीमों को उपलब्ध करा दिए गए हैं।

डीएफओ के अनुसार, फिलहाल हल्द्वानी वन प्रभाग में वनाग्नि को लेकर कोई गंभीर स्थिति नहीं है, लेकिन छोटी घटनाओं पर भी विभाग पूरी सतर्कता के साथ तत्काल नियंत्रण कर रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

वन विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि जंगलों में आग लगने की किसी भी घटना की सूचना तुरंत विभाग को दें और आग फैलने से रोकने में सहयोग करें।

और पढ़ें

error: Content is protected !!