हल्द्वानी में मीडिया कर्मियों से संवाद, मान्यता और सुविधाओं पर चर्चा….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनके हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

हल्द्वानी स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित बैठक में अपर निदेशक ने पत्रकारों से संवाद कर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। उन्होंने बताया कि पत्रकार मान्यता नवीनीकरण में आ रही दिक्कतों को गंभीरता से लिया गया है और इसके समाधान की दिशा में कार्य किया जा रहा है। साथ ही मृतक आश्रित परिवारों को आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों का निस्तारण भी किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी पत्रकार को पत्रकार कल्याण कोष से सहायता नहीं मिल पा रही है, तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के माध्यम से सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए संबंधित पत्रकार को जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से प्रस्ताव प्रस्तुत करना होगा।

बैठक में पत्रकारों ने चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, मान्यता प्रक्रिया में स्थिरता, कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा, राज्य अतिथि गृहों में आरक्षण, बच्चों की शिक्षा में आरक्षण, रेलवे सुविधाओं की बहाली और टोल प्लाजा में छूट जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।

अपर निदेशक ने आश्वासन दिया कि सूचना विभाग से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान किया जाएगा, जबकि अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत कुमाऊं द्वार, हल्द्वानी में आधुनिक मीडिया सेंटर की स्थापना का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। बैठक का संचालन जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी ने किया, जबकि इस अवसर पर बड़ी संख्या में पत्रकार और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!