खटीमा – खटीमा में आयोजित भव्य सैनिक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को सम्मानित करते हुए क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। सेवा संकल्प धारिणी फाउंडेशन द्वारा स्वर्गीय सूबेदार शेर सिंह धामी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने 715.51 लाख रुपये की लागत से निर्मित CSD कैंटीन और 162.26 लाख रुपये से बने सैनिक मिलन केंद्र का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया, वहीं एनसीसी बैंड ने आकर्षक प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने अपने पिता स्वर्गीय सूबेदार शेर सिंह धामी सहित विभिन्न जिलों के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को सम्मानित किया। इस दौरान 60 वीर नारियों और 80 वीर सैनिकों को शॉल व उपहार देकर सम्मानित किया गया।


मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सैनिकों का सम्मान और उनके परिवारों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अपने पिता से मिले संस्कारों का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि है और सैनिकों का जीवन देश सेवा का सर्वोच्च उदाहरण है।
उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा सैनिकों और उनके परिजनों के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। शहीदों के परिजनों को मिलने वाली सहायता राशि में वृद्धि, आश्रितों को सरकारी नौकरी, वीरता पुरस्कारों की राशि बढ़ाने जैसे निर्णय इसी दिशा में उठाए गए हैं।
कार्यक्रम में कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक व स्थानीय लोग उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल सैनिकों के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि समाज में देशभक्ति और सैन्य परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत करता नजर आया।

Skip to content









