कालाढूंगी में बुक सेलरों पर कार्रवाई, महंगी किताबें और बिना रेट की ड्रेस का खुलासा….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

कालाढूंगीजिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर गुरुवार को उपजिलाधिकारी विपिन चंद्र पंत के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने बुक सेलरों और स्कूलों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। यह कार्रवाई अभिभावकों की शिकायतों के बाद की गई, जिनमें निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने और एनसीईआरटी के अलावा अन्य किताबें जबरन बेचने के आरोप थे।

निरीक्षण के दौरान अजंता बुक डिपो में एनसीईआरटी की किताबें तो मिलीं, लेकिन स्कूल ड्रेस बिना मोनोग्राम के पाई गई। वहीं भंडारी बुक डिपो और आनंद बुक डिपो पर स्कूलों के मोनोग्राम वाली ड्रेस बेची जा रही थी। सुमसन क्लॉथ हाउस में पांच निजी स्कूलों की मोनोग्राम युक्त ड्रेस बिकती पाई गई, लेकिन दुकानदार कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। साथ ही ड्रेस पर निर्धारित मूल्य भी अंकित नहीं पाया गया।

टीम ने कालाढूंगी बंदोबस्ती स्थित कैमरेड्री पब्लिक स्कूल का भी निरीक्षण किया, जहां केवल एनसीईआरटी की किताबें ही पाई गईं और कोई अनियमितता सामने नहीं आई।

उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और यदि किसी अभिभावक की ओर से शिकायत मिलती है तो संबंधित बुक सेलर और विद्यालय के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान थाना प्रभारी अरुण कुमार सैनी, शिक्षा विभाग के अधिकारी अशोक कुमार सिंह, पूजा सूठा, विदुषी रजवार समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!