हल्द्वानी/काठगोदाम – थाना काठगोदाम जल पुलिस की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। गौला बैराज में कूदे एक बुजुर्ग को पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सकुशल बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, जल पुलिस के हेड कांस्टेबल प्रताप गड़िया को दीपक भंडारी द्वारा सूचना मिली कि एक व्यक्ति गौला बैराज में कूद गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बिना देर किए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।


पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से बुजुर्ग को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम मोहन चन्द्र उपाध्याय (लगभग 80 वर्ष), निवासी गंगाविहार, कुसुमखेड़ा बताया।
पुलिस ने तुरंत उनके परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उनके पुत्र यत्तीश उपाध्याय और ममता उपाध्याय मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि बुजुर्ग डिप्रेशन से ग्रसित हैं और उनका उपचार चल रहा है।
जल पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बुजुर्ग को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस घटना में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों के सहयोग से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

Skip to content










