रुद्रपुर – जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिला सभागार में महत्वपूर्ण बैठक कर लंबित परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने भुरारानी अंडरपास का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के साथ ही काशीपुर-रामनगर और छतरपुर-मटकोटा मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग और एनएच को धनराशि रेलवे को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्य जल्द शुरू हो सके।
बैठक में छतरपुर गुड्स शेड निर्माण की प्रगति पर चर्चा करते हुए बताया गया कि करीब 9 एकड़ भूमि पर 114 करोड़ रुपये की लागत से यह परियोजना प्रस्तावित है। इसमें 4.5 एकड़ भूमि टाटा कंपनी और 4.5 एकड़ भूमि सिडकुल की है। भूमि हस्तांतरण के लिए प्रस्ताव सिडकुल मुख्यालय को भेजा जा चुका है।


डीएम ने खटीमा-मझोल के बीच रेलवे फाटक 18सी खोलने, किच्छा गल्लामंडी और किच्छा-पंतनगर रेलवे लाइन पर अंडरपास निर्माण के लिए संयुक्त निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बाजपुर क्षेत्र में रेलवे फाटक 21 और 22 पर जलभराव की समस्या को देखते हुए आरओबी या एलिवेटेड रोड निर्माण के लिए रेलवे और लोनिवि को शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
काशीपुर रेलवे स्टेशन के सामने बरसात में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए भी संबंधित विभागों को संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए थे। अधिकारियों ने जानकारी दी कि रिपोर्ट तैयार हो चुकी है और वर्षाकाल से पहले कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
डीएम ने रुद्रपुर-टांडा-हल्द्वानी मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास टूटी सड़कों की मरम्मत के लिए रेलवे को अनापत्ति प्रमाण पत्र देने और लोनिवि को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, गौरव पांडेय, अधिशासी अभियंता नीरज कुमार अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता राजीव चक्रवर्ती सहित कई अधिकारी मौजूद रहे, जबकि कुछ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Skip to content










