Breaking News

हल्द्वानी में गैस संकट गहराया, इंडेन एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं का प्रदर्शन……

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी शहर में रसोई गैस की किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। तल्ली हल्द्वानी क्षेत्र के लोगों ने धानमिल स्थित इंडेन गैस एजेंसी के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की और व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई। पार्षद मनोज जोशी के नेतृत्व में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गैस की बुकिंग के बाद मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज तो आ जाता है, लेकिन सिलिंडर घर तक नहीं पहुंच रहा। उन्होंने कहा कि प्रशासन एक ओर पर्याप्त गैस आपूर्ति का दावा कर रहा है, जबकि जमीनी हकीकत इसके उलट है। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्रवार गैस वितरण की व्यवस्था लागू करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो एजेंसी पर ताला जड़ दिया जाएगा। इस दौरान एजेंसी कर्मियों और उपभोक्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। शहर के केदारपुरम, केशवपुरम, बिहारी कॉलोनी, वसुंधरा कॉलोनी, मयूर विहार, स्पेरो कॉलोनी, मोरारजी नगर और शक्ति विहार समेत कई क्षेत्रों में गैस की भारी किल्लत बनी हुई है।

 

उधर, कुमाऊं मंडल विकास निगम के महाप्रबंधक विजय नाथ शुक्ला ने एजेंसी पहुंचकर वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों को बुकिंग के अनुसार गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सोमवार को शहर में विभिन्न एजेंसियों द्वारा करीब 1500 से 1700 सिलिंडर वितरित किए गए, जबकि जिलेभर में यह संख्या 5000 से अधिक रही। इसके बावजूद बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस से वंचित रहे। गैस संकट का असर व्यापार पर भी पड़ रहा है। व्यावसायिक सिलिंडर की कमी से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के सामने संकट खड़ा हो गया है। व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है वहीं रामनगर और कोटाबाग क्षेत्रों में भी गैस न मिलने पर लोगों ने एजेंसी और वाहनों का घेराव कर विरोध जताया। लगातार बढ़ती समस्या से आमजन में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

 

और पढ़ें

error: Content is protected !!