देर रात बदला मौसम का मिजाज: हल्द्वानी में तेज आंधी-बारिश, तीन दिन तक अलर्ट…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। कुमाऊं समेत पूरे उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिन में हल्की बूंदाबांदी और ओलावृष्टि के बाद देर रात मौसम तेजी से बिगड़ गया। हल्द्वानी में बादलों की तेज गड़गड़ाहट, बिजली की कड़कड़ाहट और आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। तेज हवाओं के कारण शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी।

रविवार को प्रदेश के कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिला। नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चमोली और देहरादून में बारिश दर्ज की गई। वहीं पिथौरागढ़ के धारचुला और रुद्रप्रयाग के केदारनाथ क्षेत्र में बारिश के साथ बर्फबारी हुई। नैनीताल में ओलावृष्टि के चलते सड़कें और घरों की छतें सफेद चादर से ढकी नजर आईं।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

इसके अलावा हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

बारिश और ओलावृष्टि के कारण नैनीताल, बागेश्वर, पौड़ी, देहरादून और उत्तरकाशी में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ गई है। वहीं पिथौरागढ़ की व्यास घाटी में भारी बर्फबारी की खबर है।

अगले तीन दिन का मौसम

16 मार्च: पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मैदानी जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और बिजली चमकने की संभावना है।

17 मार्च: पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।

18 मार्च: राज्य के पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने को कहा गया है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!